बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों का कड़वा सच यही है कि मोदी सरकार की आर्थिक नीतियां देश के अधिकांश लोगों को संतुष्ट नहीं कर पा रही है.
उनकी मेक इन इंडिया बुलेट ट्रेन अथवा स्मार्ट सिटी बनाने की बातें और वह भी दूसरे देशों से पूँजी लगवा कर करना, देश की सामांय जनता को बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा है.
देश में भीषण आर्थिक असमानता होते हुए भी उनके द्वारा संपत्ति कर को पूरी तरह से समाप्त करना कुछ पूंजीपतियों की पसंद तो हो सकता है लेकिन संपूर्ण समाज के कल्याण की दृष्टि से पूरी तरह गलत निर्णय ही माना जाएगा.
उनके द्वारा अपनाई गई आर्थिक नीतयों से तो यही लगता है कि वे बड़े-बड़े पूंजीपतियों को ही देश या राष्ट्र मानते है और देश का आम नागरिक उनकी नजर में कुछ नहीं है.
हिंदू राष्ट्र के नाम पर कुछ मूर्ख साथियों द्वारा किए जा रहे अनरगल प्रलाप को प्रभावशाली ढंग से रोक पाने में भी उनकी विफलता हार का एक बहुत बड़ा कारण है.
गाय के नाम पर लोगों की धार्मिक भावनाओं को भड़काने या फिर हिंदू और मुसलमानों के बीच कटुता पैदा करने के प्रयास भी भारतीय जनता पार्टी को ले डूबे.
संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा आरक्षण को लेकर दिया गया विवादास्पद बयान भाजपा को मजा चखाने की सोची समझी रणनीति थी या समय को न समझ पाने की गलती इसे तो मोहन भागवत ही बता सकते है.
संगठन चलाने की अमित शाह शैली को भारतीय जनता पार्टी के समर्पित व पक्के समर्थक भी पचा नहीं पा रहे है.
सबका साथ सबका विकास की काठ हांडी का छलावा भी लोगों के मन में आक्रोश ही पैदा कर रहा है.
केंद्र में मोदी सरकार की हवाई बातों की बजाए बिहार में नीतीश कुमार द्वारा किया गया प्रत्यक्ष कार्य लोगों को अधिक विश्वसनीय और पसंद आने वाला सिद्ध हुआ.
लालू को मिला जातीय समर्थन मेरी समझ में इस जीत का केवल गौण कारण हो सकता है.
मेरी समझ में अंतिम रूप से नितीश कुमार का व्यक्तित्व और कृतित्व सबसे अधिक निर्णायक सिद्ध हुआ जिसका कोई भी तोड़ भाजपा के पास नहीं था.
लेकिन इन चुनावों का सबसे दुखद पहलू मेरी समझ में तो यही है कि यह चुनाव देश की सामाजिक आर्थिक और राजनीतिक आवश्यकता के अनुरुप स्पष्ट मुद्दों पर बिल्कुल नहीं लड़ा गया.
देश को सुधार की दिशा में ले जा पाने में विचारकों की विफलता राजनेताओं की दिशाहीनता, सामाजिक प्रतिबद्धता का अभाव और अवसरवादी गैरजिम्मेदारना आचरण ही इन चुनावों के निर्णायक तत्व माने जा सकते है.
लेकिन मेरी समझ में इन सारी स्थितियों और समस्याओं का कारण मतदाताओं में जागरूकता की भारी कमी होना ही है. और उसे जागरुक बनाना ही इसका एक मात्र समाधान है