Thursday, June 22, 2017

आन्दोलन नहीं चिंतन कीजिए

"जिंदा कौमें पांच साल इंतजार नहीं करती" डॉ. राम मनोहर लोहिया की इस घोषणा ने कभी पूरे देश में एक तूफान खड़ा कर दिया था। उसी से प्रेरणा पाकर हमारे देश में अपनी उचित अनुचित मांगों को लेकर आंदोलन करने की परंपरा चल पड़ी जो आज स्पष्ट रुप से दिखाई पड़ रही है। यहां तक कि इसे ही लोकतंत्र की वास्तविक पहचान मान लिया गया है।
लेकिन इस परम्परा से देश को होने वाले हानि लाभों पर आज गहराई से चिंतन करने की जरूरत है ताकि हम जो कुछ करें सोच समझ कर करें और उसके परिणाम को भी अनदेखा न करें ताकि हमें बाद में पछताना न पड़े।
मेरी समझ में बात बात पर आंदोलन करने की प्रवृत्ति मूल रूप से गलत है क्योंकि इसका लाभ विचारवान लोगों द्वारा समाज की वास्तविक समस्याओं को उठाने के लिए कम और धूर्त लोगों द्वारा समाज को तोड़ने और गुमराह करने के लिए अधिक किया जाता है। अपने क्षुद्र स्वार्थों को लेकर धूर्त लोगों ने इसे समाज को विघटित करने का खतरनाक हथियार बना डाला है।
इसका दूसरा भारी नुकसान यह भी हुआ है कि इससे समाज में विचार मंथन की प्रवृति कुंठित हुई है। लोग अपनी समस्याओं पर मिल बैठकर खुद ही हल निकालने की बजाय केवल सरकार के प्रति अपना असंतोष व्यक्त करने और उसे अपनी मांगों को मानने के लिए मजबूर करने के लिए आंदोलन को ही सबसे सरल मार्ग समझने लगे। इससे समाज में सोच विचार की प्रवृत्ति को गहरा धक्का लगा है।
इसका खतरनाक परिणाम यह भी हुआ है कि शासन ने इसे अपने विरुद्ध उठने वाले समाज के वास्तविक असंतोष को विफल करने और समाज में फूट डालने के लिए इसका खूब गलत इस्तेमाल किया जिससे समाज की एकता को गहरा धक्का लगा और शासन अपने षड्यंत्रों में आसानी से सफल होता गया और उसकी निरंकुशता भी बढ़ती गई।
इस प्रवृत्ति ने समाज को ताकत देने की बजाए बेहद कमजोर बना दिया सत्ता पर उसकी निर्भरता लगातार बढ़ती रही और उसके अंतिम परिणति यह हुई कि सत्ता समाज पर पूरी तरह से हावी हो गई। आज सत्ता पर समाज का कोईं सत्य नियंत्रण नहीं है।
इसलिए निष्कर्ष के तौर पर हम बेहिचक कह सकते हैं कि हर बात में आंदोलन करने और लोगों के बीच सहज विचार विमर्श करने की बजाए केवल आंदोलन कर आंदोलनों का महत्व ही खत्म कर दिया।
इस प्रकार यदि निष्पक्ष ढंग से विचार किया जाए तो यही निष्कर्ष निकलता है कि देश की राजनीति को श्रसातल तक पहुंचाने में इस प्रवृत्ति का प्रमुख हाथ है। इससे देश की राजनीति में धूर्त और स्वार्थी तत्वों को स्थापित होने में बहुत सहायता मिली है।
इसलिए व्यापक समाज हित में यह बहुत जरुरी हो गया है कि इस तथाकथित लोकतांत्रिक अधिकार को पूरी तरह तिलांजलि दे दी जानी चाहिए और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नागरिकों में परस्पर गंभीर विचार विमर्श की प्रवृत्ति को बढ़ाया जाना चाहिए ताकि अपनी समस्याओं को खुद ही हल करने का आत्मविश्वास लोगों में पैदा हो सके।
सामान्य बुद्धि से भी इस बात को समझा जा सकता है कि आंदोलन करने से कोई भी समस्या कैसे हल हो सकती है समस्या का समाधान तो उस पर व्यापक विचार विमर्श से ही निकल सकता है।
इसलिए अब समाज को अपनी भूल सुधार कर आंदोलन करने की बजाय परस्पर चिंतन करना ही सही रास्ता है।

No comments:

Post a Comment

Don't forget give to comment massage-