Friday, March 30, 2018

सत्ता केंद्रित राजनीति और टूटता समाज


भारतीय राजनीति की दशा और दिशा को देख कर कोई भी तटस्थ व्यक्ति यह निष्कर्ष निकालने के लिए मजबूर हो जाता है कि वह निरंतर पतन और विनाश की ओर बढ़ रही है। छुटभईए राजनेताओं की बात छोड़ दीजिए अपने आप को राजनीति का पंडित मानने वाले लोग भी केवल सत्ता के जोड़-तोड़ में लगे हुए हैं। समाज की समस्याएं और उनके समाधान की बात किसी की जबान पर आती हुई दिखाई नहीं देती।
राजनैतिक गिरोह बाजी का नंगा नाच सारे राजनीतिक दलों और उनके नेताओं मैं भरा पड़ा है सबकी चिंता केवल यही है कि आगामी चुनावों में अपने हाथ में आई सत्ता को किस प्रकार बनाए रखा जाए या अपने विरोधियों से सत्ता किस प्रकार हथियाई जाए।
अलग-अलग राजनीतिक दलों के बीच हो रहे सिद्धांत हीन समझौते जिन्हें आजकल गठबंधन कहां जाता है उन सभी का लक्ष्य अधिक से अधिक मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए और समाज को गुमराह करने के नए-नए हथकंडे तलाशने पर टिका हुआ है उनके प्रचार का समाज पर क्या प्रभाव पड़ेगा इससे किसी को भी लेना देना नहीं है। हर जाति और संप्रदाय से ऐसे लोगों को ढूंढा जा रहा है जिसे उस जाति और संप्रदाय के सामान्य लोगों को मूर्ख बनाया जा सके।
एक और तो जातीय एवं सांप्रदायिक सोच की निंदा की जाती है तो दूसरी ओर कुछ जातियों और संप्रदायों को जोड़कर अपने लिए सत्ता की सीढ़ी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस प्रकार के दुष्प्रचार केवल जाति और संप्रदाय तक सीमित नहीं है बल्कि अपनी ही जाति या संप्रदाय के अपने ही दल में मौजूद प्रतिद्वंदी को शत्रु की निगाहों से देखा जा रहा है। हमारे देश में एक भी राजनीतिक दल ऐसा नहीं है जो आंतरिक तौर पर भी गिरोहबाजी का शिकार न हो। न हो।
अतः निर्विवाद रुप से यह मान लिया गया है कि राजनीति में कोई भी व्यक्ति स्थाई दोस्त या दुश्मन नहीं होता क्योंकि राजनीति का एकमात्र उद्देश्य येन केन प्रकारेण सत्ता पर अपना कब्जा करना है। इसलिए वहां पर समस्याओं के समाधान और व्यापक जन कल्याण के बारे में बात भी नहीं की जा सकती और इस प्रकार सोचने वाले लोगों को मूर्ख मानकर सारे राजनीतिक दलों में हिकारत की दृष्टि से देखा जाता है।
यही कारण है कि आज सभी दलों में विचारशील और न्याय प्रिय लोगों के लिए कोई स्थान नहीं है बल्कि सांसद और विधायक बनाने के लिए ऐसे लोगों को ही सबसे योग्य माना जाता है जो आसानी से चुनाव में जीता जा सके। इसमें धनबल और बाहुबल का महत्व सबसे अधिक होता है। इसलिए सारे दलों की पहली पसंद आतंक फैला सकने वाले अपराधी बन गए हैं।
क्या कोई भी विवेकशील व्यक्ति यह सोच सकता है कि इस प्रकार की राजनीति से देश का भविष्य उज्जवल बनाया जा सकता हो? किंतु इस प्रकार सोचने वालों को पूछता भी कौन है बल्कि सबसे अधिक पूछ-परख उसी व्यक्ति की होती है जो नए-नए तिकड़म करने में बहुत तेज हो।इस सारी उठापटक में बात तो दलितों वंचितों गरीबों किसानों मजदूरों और बेरोजगारों की होती है लेकिन इन समस्याओं से निपटने के किसी भी उपाय या विचार विमर्श की नहीं होती।
अब तो एक ऐसे तीसरे गठजोड़ की बात हो रही है जिसमें भाजपा या कांग्रेस नहीं होनी चाहिए क्यों नहीं होनी चाहिए इसका कोई जवाब मांगने या उसका उत्तर देने की जरूरत नहीं है।
गठजोड़ों की इस घटिया राजनीति ने देश को बुरी तरह बर्बाद कर दिया है कोई भी व्यक्ति चाहे कितनी अच्छी बात क्यों न कहे उसे हर दल अपने सत्ता स्वार्थ की दृष्टि से ही देखता है और मनगढ़ंत आरोप लगाकर कहने वाले व्यक्ति को बदनाम करने का कुत्सित प्रचार करने में कोई देर नहीं लगती। हर वर्ग और संप्रदाय के शक्ति संपन्न और मक्कार लोग पूरी राजनीति पर हावी हो गए हैं।
इन षड्यंत्रों का दुष्परिणाम यह हो रहा है कि पूरा समाज गिरोहबाजी का अखाड़ा बन गया है उसकी एक दक्षिण भिन्न हो चुकी है और सब लोगों में येन केन प्रकारेण सत्ता हथियाने और उससे अधिक से अधिक धन दौलत प्राप्त करने की अंधी दौड़ राजनीति का आदर्श बन गई है।
सत्ता की इस सिद्धांत हीन लड़ाई में धनपतियों और अपराधियों का वर्चस्व इस कदर स्थापित हो गया है कि कोई सामान्य व्यक्ति तो अब चुनाव लड़ने के बारे में सोच भी नहीं सकता और यदि कोई इसके लिए कुछ प्रयास करता दिखाई देता है तो उसके आगे आने से जिस भी व्यक्ति के स्वार्थ पर आंच आती है वह उसे कोई भी हथकंडा अपना कर रोकने का प्रयास करता है। इसमें उसे बदनाम करना लालच देना आतंकित करना और इसके अतिरिक्त ऊंचे से ऊंचे हथकंडे अपनाना सब कुछ शामिल है।
इसलिए इस षड्यंत्र पूर्ण और नकारात्मक राजनीति से समाज को कुछ मिल सकेगा इसकी आशा करना व्यर्थ है जो लोग आज सत्ता और संपत्ति के बल पर निर्णायक स्थिति में बने हुए हैं उनको आम आदमी की स्थिति से कुछ लेना-देना भी नहीं है। इसलिए इस पर अंतिम टिप्पणी नहीं की जा सकती है कि भारत की राजनीति पूरी तरह पाखंड और दिशाहीनता का शिकार है और इसका अंतिम परिणाम अच्छा नहीं हो सकता।
वास्तव में समाज की सारी समस्या केवल आर्थिक है। देश के अधिकांश प्राकृतिक संसाधनों पर मुट्ठी भर लोगों का एकाधिकार हो गया है और समाज में आर्थिक विषमता घटने के बजाय बढ़ती जा रही है। समाज का विशाल वर्ग अपना जीवन चलाने के लिए अपराध पूर्ण रास्तों से धन प्राप्त करने वाले लोगों का गुलाम बना हुआ है और अपनी उपभोग की जरूरतों को पूरा करने के लिए किसी के पास भी कोई दूसरा विकल्प नहीं है।
यदि हम विशाल समाज को इन मुट्ठी भर अति संपन्न लोगों की गुलामी से मुक्त करना चाहते हैं तो हमको धन संचय की एक अधिकतम सीमा का निर्धारण करना होगा अर्थात समाज में गरीबी रेखा नहीं अमीरी रेखा बनानी पड़ेगी और अमीरी रेखा से अधिक संपत्ति रखने वालों की संपत्ति पर ब्याज की दर से संपत्ति कर लगाना होगा और संपत्ति कर से होने वाली आय को बिना किसी भेदभाव के देश के सारे नागरिकों में नागरिक भत्ते के रूप में बांटना होगा। ऐसा करना इसलिए जरूरी है क्योंकि देश के सारे प्राकृतिक संसाधन ही उसकी संपत्ति हैं और इन पर देश के सभी लोगों का समान जन्म सिद्ध अधिकार है। यही समाज की वास्तविक पूंजी है और इस पूंजी के बिना कोई भी व्यक्ति अपना स्वतंत्र और स्वावलंबी जीवन नहीं चला सकता। जब तक प्रत्येक व्यक्ति को ओसत सीमा तक संपत्ति का मालिक मांनते हुए अर्थव्यवस्था का निर्माण नहीं किया जाता तब तक सब लोगों को भयमुक्त अभाव मुक्त समृद्धि सम्मान और संतुष्टि का जीवन प्रदान नहीं किया जा सकता।
किंतु देश में 90% नागरिक भारी अभाव अज्ञान अंधविश्वास और विचारहीनता के शिकार हैं। यहां तक कि वे अपने बारे में कुछ अच्छा या बुरा भी नहीं सोच सकते। उन्हें इस बात का भी एहसास नहीं होता कि उनकी दुर्दशा का कारण क्या है? जो लोग थोड़े बहुत समझदार हो गए हैं उनको भी दुर्दशा में पड़े हुए अपने परिवार के दूसरे लोगों की कोई चिंता नहीं है। लोभ लालच और स्वार्थ की अंधी दौड़ ने हर व्यक्ति को पागल सा कर दिया है। इससे छुटकारा पाने का विचार भी उसके दिमाग में नहीं आता।
इसलिए इस समस्या से छुटकारा पाने का एक ही मार्ग है एक व्यक्ति के लोभ लालच और स्वार्थ की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना। न्याय की दृष्टि से हर व्यक्ति को केवल औसत सीमा तक ही संपत्ति का मालिक माना जाना चाहिए और इससे अधिक संपत्ति के लिए उसे समाज का कर्जदार माना जाना चाहिए जब तक व्यक्ति के लोभ लालच पर न्याय और विवेक की यह लगाम नहीं लगती तब तक पूरी मानवता को सुखी बनाने का कोई सपना नहीं देखा जा सकता।
लेकिन पाखंड और धोखाधड़ी का यह खेल ज्यादा लंबे समय तक नहीं चल सकता लोगों में परस्पर बढ़ता अविश्वास और अति धन संचय के कारण प्रकृति का हो रहा विनाश बहुत शीघ्र ही समाज को न्याय के रास्ते पर चलने के लिए बाध्य कर देंगी। इस गंभीर स्थिति का शिकार केवल गरीबों को नहीं बल्कि अति संपन्न लोगों को भी बनना पड़ेगा। जो अपने आप को सुरक्षित माने बैठे हैं वे अज्ञानी है।

No comments:

Post a Comment

Don't forget give to comment massage-