Friday, March 9, 2018

शुभ लाभ और अमीरी रेखा


प्राचीन भारतीय दर्शन में शुभ लाभ का विचार अच्छी तरह जाना पहचाना और माना गया विचार है विशेषकर समाज के वैश्य वर्ग में जिसे समाज के पेट की संज्ञा दी गई थी वहां पर इसका सर्वाधिक महत्व था और थोड़ा बहुत आज भी मौजूद है।
वैसे तो सारे देश में शुभ लाभ को समाज के हर वर्ग में समान रूप से मान्यता मिली हुई थी और सारे भारतीय परिवारों में दीपावली के अवसर पर हर घर के दरवाजे के दोनों ओर लाल रंग में शुभ लाभ लिखने की परंपरा थी जो अब काफी फीकी पड़ चुकी है।
लेकिन शुभ लाभ का विचार वैश्य वर्ग के लिए तो मानो उसके कर्तव्य की आधारशिला ही थी जिसका पालन करना प्रत्येक व्यक्ति के लिए लक्ष्मण रेखा की तरह अत्यंत आवश्यक था।
भारतीय वर्ण व्यवस्था की दृष्टि से वैश्य का धर्म देश/समाज की अर्थव्यवस्था का संचालन करना और प्रत्येक व्यक्ति के भरण पोषण हेतु धन की व्यवस्था करना था। उद्योग व्यापार कृषि पशुपालन आदि के कार्यों में लगे हुए लोगों को वैश्य वर्ग के लोग ही चलाते थे। ब्राम्हण क्षत्रिय और शूद्र सहित सभी वर्णों के लोगों को एक विशाल परिवार की तरह मानते हुए सबका पालन करना उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थी। उसके लिए यह मर्यादा बनाई गई थी कि वह किसी से भी अनुचित लाभ न ले और कम से कम लाभ लेकर हर व्यक्ति को उसकी जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराता रहे। इस प्रकार न्यायोचित लाभ को ही शुभ-लाभ कहा गया था।
हम सब जानते हैं कि हर व्यक्ति जो भी काम करता है वह अपने लाभ के लिए करना चाहता है और जिस कार्य में उसे लाभ नहीं होता उसे करने के लिए कोई भी व्यक्ति राजी नहीं होता इसी प्रकार जिस कार्य में जितना अधिक लाभ होता है व्यक्ति उस कार्य को उतना ही अधिक करने के लिए प्रेरित होता है।
इस प्रकार हम कह सकते हैं कि लाभ किसी भी कार्य को करने का प्रेरणा स्रोत होता है किंतु यदि लाभ लेने की इस मानवीय प्रवृत्ति पर कोई अंकुश नहीं लगाया जाए तो यह लोभ और लूट की प्रवृत्ति में बदल जाती है जो संपूर्ण समाज के लिए अत्यंत घातक बन जाती है।
लोभ की इस विनाशकारी मनोवृत्ति पर अंकुश बनाए रखने के लिए ही शुभ लाभ की अवधारणा की रचना की गई थी इससे हर व्यक्ति अपने श्रम के अनुसार जो भी उत्पादन या विनिमय का कार्य करता था उसकी कम से कम कीमत खरीदने वाले व्यक्ति से लेता था और दी गई वस्तु गुणवत्ता की कसौटी पर भी पूरी तरह सच्ची होती थी। इस प्रकार शुभ लाभ की यह अवधारणा किसी भी व्यक्ति को खुद ही मनमाना और अनुचित लाभ लेने से हतोत्साहित करती थी। इससे हर आदमी बाजार की धोखाधड़ी बेईमानी और लूट से बच जाता था।
लेकिन वर्तमान अर्थव्यवस्था में शुभ लाभ की इस कल्याणकारी अवधारणा की भयानक रूप से अवहेलना की गई है और इसका जो भयानक दुष्परिणाम पूरे समाज को भोगना पड़ रहा है उसने पूरे सामाजिक जीवन को भारी संकट में डाल दिया है।
आज चाहे कोई भी व्यक्ति क्यों ना हो अपनी वस्तु की अधिक से अधिक कीमत वसूल करने का प्रयास करता है। अधिक से अधिक लाभ पाने के लिए वस्तु की गुणवत्ता को गिराना और गुणवत्ता को धोखे में रखकर दूसरे पक्ष को मूर्ख बनाना वर्तमान उद्योग व्यापार और सेवा के सभी क्षेत्रों में सहज रुप से मान्य कर लिया गया है।
इसका दुष्परिणाम यह हो रहा है कि हर व्यक्ति अधिक से अधिक लाभ पाने के लिए समाज के अन्य लोगों को लूटने में भी कोई संकोच नहीं कर रहा है। नकली घटिया या बताई गई मात्रा से कम दे देना सामान्य बात मान ली गई है।
अब किसी के सामने भी शुभ या अशुभ लाभ कि कोई बात विचारनीय नहीं बची है और जिस व्यक्ति को जितना अधिक लूटने का अवसर मिल जाता है वह उसे लूटने में भी कोई संकोच नहीं करता। इसकी सबसे अधिक हानि सीधे-साधे सरल अज्ञानी अनजान और मजबूर लोग उठा रहे हैं।
आज यह प्रवृत्ति बहुत ही खतरनाक और विनाशकारी रूप ग्रहण कर चुकी है। परिणाम स्वरुप शरीर के लिए हानिकारक पदार्थों का उपयोग करना गुणवत्ता को लगातार कम करना और छिपाना नापतौल मैं धोखा करना और मौके का गलत लाभ उठाकर अधिक से अधिक कीमत वसूल करना ही अर्थव्यवस्था का आदर्श बन चुका है। यह अशुभ लाभ पूरे समाज को निगल रहा है।
वर्तमान उद्योग व्यापार कृषि पशुपालन और उत्पादन और सेवा के अन्य सभी क्षेत्रों पर इस स्थिति का अत्यंत विनाशकारी प्रभाव पड़ रहा है बाजार की गलाकाट प्रतिस्पर्धा में किसी भी ईमानदार व्यक्ति का खड़े रहना ही मुश्किल हो गया है क्योंकि कम से कम दाम लेने की भी कोई अधिकतम सीमा तो होती ही है लेकिन धोखा देने वाले लोग नकली मिलावटी हानिकारक नापतौल मैं बेईमानी के हथकंडे अपनाकर ईमानदार लोगों का बाजार में टिक पाना असंभव बना देते हैं।
झूठे विज्ञापनों की चकाचौंध में असली और नकली का फर्क करना या वास्तविक से कई गुना मूल्य ले लेना बाजार का फंडा कहकर गलत नहीं माना जाता। इस प्रकार बेईमानी का दूसरा नाम बाजार व्यवस्था बन चुका है।
यदि हम विश्व अर्थव्यवस्था की बात करें तो वह इससे भी अधिक भयानक रूप ग्रहण कर चुकी है एक शक्तिशाली देश दूसरे कमजोर देश को अपने प्राकृतिक संसाधन बहुत ही कम दामों पर बेचने और अपने उत्पादन बेहद महंगे और अनुचित दामों पर खरीदने के लिए मजबूर कर रहा है यहां तक की उसे जिन चीजों की जरूरत नहीं है उनको भी मनमाने दाम देकर खरीदने का दबाव धमकी और ताकत के बल पर डाला जा रहा है।
इस काम में धनी माने जाने वाले वे देश जो घातक हथियारों और अत्यंत नशीली वस्तुओं का उत्पादन करने के मामले में आगे हैं गुंडों जैसा व्यवहार कर रहे हैं।
अपने हथियारों को बेचने के लिए उन्होंने षड्यंत्र पूर्वक पूरी दुनिया को युद्ध का अखाड़ा बना दिया है और धरती को मानवीय खून से रंग दिया है। व्यापार के नाम पर समाज के साथ हो रही इस गुंडागर्दी का अंतिम परिणाम मानवता के लिए बहुत बड़ा संकट बन चुका है।
इन सारी परिस्थितियों को देखकर अब हमें शुभ लाभ की अपनी अवधारणा का महत्व जरूर समझ में आना चाहिए और उसे फिर से समाज में जिंदा करने और प्रभावशाली बनाने के रास्ते तलाश करने चाहिए।
शुभ लाभ की अवधारणा का मूल उद्देश्य लोभ लालच और स्वार्थ की मानवीय दुर्बलता की प्रवृत्ति पर आत्मीयता न्याय और विवेक का अंकुश लगाना था और यह आज भी उतना ही आवश्यक है।
लोभ लालच और स्वार्थ की इस दुष्प्रवृत्ति को नियंत्रित करने का सहज सरल और प्रभावशाली उपाय सीमाहीन धन संचय की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना है। आज इस प्रवृत्ति पर किसी भी प्रकार का अंकुश नहीं होने के कारण हर व्यक्ति अधिक से अधिक प्राकृतिक संसाधनों का मालिक बनना चाहता है जो किसी भी दृष्टि से सही नहीं माना जा सकता क्योंकि हर व्यक्ति को अपना जीवन सुखद रूप में चलाने के लिए धन की केवल सीमित मात्रा की ही जरूरत होती है तो फिर सीमाहीन धन संचय की छूट एक आदर्श सामाजिक व्यवस्था में क्यों दी जानी चाहिए?
लेकिन हम इस बात को भी जानते हैं कि सारे प्राकृतिक संसाधन कभी भी असीमित मात्रा में नहीं होते तो फिर लोभ लालच और स्वार्थ के कारण सीमाहीन संपत्ति का अधिकार किसी भी व्यक्ति को कैसे दिया जा सकता है क्योंकि यदि कुछ मुट्ठी भर लोग भी इस प्रकार का अति धन संचय करते हैं तो शेष सभी लोगों के लिए प्राकृतिक संसाधनों का कृत्रिम अभाव उत्पन्न हो जाएगा और उनको जिंदा रहने के लिए अपने उपभोग के न्यूनतम साधन भी प्राप्त नहीं हो सकेंगे।
मेरी समझ में तो कुछ मुट्ठी भर लोगों के पास सीमाहीन प्राकृतिक संसाधनों का संचित हो जाना और विशाल जन समुदाय का अत्यंत अभावग्रस्त हो जाना समाज के लिए सबसे विनाशकारी स्थिति है और इस से खतरनाक कुछ भी नहीं हो सकता।
इस बात पर गहराई से विचार किया जाना चाहिए कि किसी व्यक्ति के शक्तिशाली योग्य सक्षम और कार्यकुशल होने का मतलब बाकी कमजोर लोगों को लूटने और लूट कर मनमाना धन संचय करने का अधिकार नहीं माना जा सकता। इस पर न्याय की दृष्टि से विचार होना चाहिए।
न्याय की दृष्टि से सारे प्राकृतिक संसाधनों पर सब लोगों का समान जन्मसिद्ध उपभोग का अधिकार है। इसलिए सिद्धांतिक दृष्टि से जब तक सब लोगों की उपभोग की जरूरतें पूरी नहीं हो जाती तब तक किसी भी व्यक्ति को संचय का अधिकार नहीं दिया जाना चाहिए। लेकिन व्यवहारिक दृष्टि से उपभोग की वस्तुओं का पहले से ही व्यक्ति के पास होना और भविष्य की अनिश्चितता से मुक्ति प्रदान करने के लिए सीमित मात्रा में ही संपत्ति संचय का समान स्वामित्व माना जाना चाहिए। इसलिए सीमाहीन संपत्ति के स्वामित्व की अवधारणा पूरी तरह गलत अन्यायपूर्ण अनुचित अनावश्यक और विनाशकारी है जो केवल लोभ लालच और स्वार्थ की दुष्प्रवृत्ति का परिणाम है जिसे कोई भी विवेकशील व्यक्ति उचित और व्यावहारिक नहीं मान सकता।
इसलिए न्याय के आधार पर हर व्यक्ति को केवल औसत सीमा तक संपत्ति का स्वामी माना जाना चाहिए और उससे अधिक संपत्ति के लिए समाज का कर्जदार मानना चाहिए क्योंकि सारे प्राकृतिक संसाधन पूरे समाज के हैं और इन पर हर व्यक्ति का सम्मान जन्म सिद्ध अधिकार होता है।
इसलिए न्याय के आधार पर एक व्यक्ति की औसत सीमा से अधिक संपत्ति पर ब्याज की दर से संपत्ति कर लगाया जाना चाहिए और ब्याज से होने वाली आय को समाज की सामूहिक आय मानकर सभी लोगों में बिना किसी भेदभाव के बराबर बराबर बांट दिया जाना चाहिए।
इसलिए न्याय के आधार पर औसत सीमा तक संपत्ति रखने का अधिकार एक व्यक्ति का जन्म सिद्ध संपत्ति अधिकार है जो जन्म से लेकर मृत्यु तक हर व्यक्ति के लिए सुरक्षित होना चाहिए।
इसे सुरक्षित करने का व्यावहारिक उपाय यह है कि हर व्यक्ति को देश की पूंजी का समान रूप से मालिक मानते हुए सामूहिक पूंजी के लाभ की गणना अलग से की जाए और यह लाभ सभी लोगों को मेहनत के आधार पर नहीं बल्कि जन्म सिद्ध अधिकार के आधार पर ब्याज के रुप में प्रदान किया जाए।
आज की स्थिति में जबकि भौतिक विज्ञान के कारण पूंजी का महत्व बढ़ता जा रहा है और मानवीय मेहनत का मूल्य लगातार घटता जा रहा है तो न्यायपूर्ण वितरण की दृष्टि से अब रोजगार को अर्थव्यवस्था का आधार नहीं माना जा सकता और पूंजी के समान अधिकार से प्राप्त लाभांश देकर सब लोगों के जीवन को अत्यंत सुखद सुंदर समृद्ध ओर शांति पूर्ण बनाया जा सकता है।

No comments:

Post a Comment

Don't forget give to comment massage-