Monday, April 16, 2018

वर्ग संघर्ष किसी समस्या का समाधान नहीं


पूरे समाज को संगठित करने के प्रयास के विपरीत समाज को अनेक वर्गों में तोड़कर और उनमें संघर्ष करा कर सबके व्यापक कल्याण का सपना देखना कोई बुद्धिमान और न्याय प्रिय व्यक्ति की कल्पना भी नहीं हो सकता। इसलिए जो लोग इस प्रकार की मूर्खतापूर्ण बातें कर रहे हैं उन्हें कभी भी समझदार तो माना ही नहीं जा सकता बल्कि उनको केवल महाधूर्त कहा जा सकता है।
इस मोटी बात को तो बहुत सामान्य बुद्धि के बल पर भी अच्छी तरह समझा जा सकता है कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति के कल्याणकारी चिंतन के लिए आपस में संघर्ष की बजाय सामंजस्य और समन्वय का रास्ता ही एकमात्र उपाय होता है। लेकिन इसके ठीक विपरीत विश्व की कुछ शैतानी षड्यंत्रकारी ताकतें समाज को अनेक वर्गों में तोड़ने और उनमें येन केन प्रकारेण खूनी संघर्ष कराने का गहरा षड्यंत्र कराने का प्रयास कर रही हैं।
यह तो शांति से समझा जा सकता है कि जिनका मूल उद्देश्य समाज को तोड़ना ही हो वे कोई भी मुद्दा हथियार बना सकते हैं। हमारे देश की अपराधी घटिया और दिशाहीन राजनीति और धूर्त लोगों के लिए सबसे अनुकूल स्थिति है।
समाज में फैली भारी आर्थिक विषमता गरीबी बेरोजगारी अभाव अंधविश्वास अज्ञान और शोषण की विकृत स्थितियां उनके लिए वरदान सिद्ध हो रही है। सत्ता और संपत्ति के शिखर पर बैठे मुट्ठी भर लोग बड़े इत्मीनान से यह खतरनाक खेल खेल रहे हैं उनको भविष्य की कोई परवाह नहीं है और इसका अंतिम दुष्परिणाम सोचने की क्षमता भी उनके पास नहीं है।
लेकिन यदि हम सबके कल्याण को ही अपना लक्ष्य मानते हैं तो हमें सभी वर्गों के बीच न्याय पूर्ण समन्वय का मार्ग अपनाना चाहिए।
क्योंकि समाज में न्यायपूर्ण समन्वय का अभाव ही सारी समस्याओं की जड़ होती है।
मैं यह मानता हूं कि वर्तमान सामाजिक राजनीतिक और आर्थिक व्यवस्था न्याय की कसौटी पर पूरी तरह होती है। पूरी मानवता उनके षड्यंत्र का शिकार बन रही है। पूंजीवादी शक्तियां यह कभी नहीं चाहती कि हर व्यक्ति के जीवन को सुख शांति समृद्धि और सुरक्षित रखने जैसे मूल प्रश्नों पर विचार करने की स्थितियां बने। इसलिए अनेक प्रकार के नकली मतभेद खड़े करने के लिए अनेक प्रकार के षड्यंत्र चलाए जाते हैं।
आज समाज के सभी वर्गों में कुछ मुट्ठी भर लोगों के पास अकूत संपत्ति इकट्ठी हो चुकी है और समाज का शेष विशाल भाग उनकी तुलना में बहुत ही गरीब और लाचार है। इसलिए अपने वर्ग के गरीब लोगों को अपना मोहरा बनाना उनके लिए बहुत आसान हो गया है।
हम सब यह भी जानते हैं कि आज हमारे देश की पूरी राजनीति का संचालन केवल काले धन के बल पर हो रहा है और हमारी अर्थव्यवस्था काला धन रखने वालों के लिए स्वर्ग सिद्ध हो रही है फिर चाहे यह धन कितने ही अपराध पूर्ण रास्तों से क्यों न आया हो।
इसलिए जिन लोगों ने येन केन प्रकारेण भारी मात्रा में धन-संपत्ति प्राप्त कर ली है वे उससे बहुत खतरनाक खेल भी बहुत आसानी से खेल सकते हैं। राजनीति के शिखर पर बैठे किसी भी व्यक्ति में यह ताकत नहीं है कि वह इस खतरनाक खेल को रोक सके।
हम यह भी आसानी से देख सकते हैं कि विश्व की सारी संपत्ति बहुत ही थोड़े से लोगों के हाथों में आ चुकी है और वही लोग पूरे विश्व की राजनीति भी मनमाने ढंग से चला रहे हैं हमारे देश की राजनीति भी वैश्विक पूंजीपतियों का घिनौना खिलौना बनकर रह गई है। इस षड्यंत्र का एकमात्र उद्देश्य लोगों में फूट डालकर और अपनी लूट को चालू रखना है।
समाज के विचारवान और सबके हित पर विचार करने वाले लोगों को सबसे पहले इस षड्यंत्र कारी पूंजीवाद को वैचारिक चुनौती देनी चाहिए। ताकि अभाव गरीबी बेरोजगारी अपमान उपेक्षा अज्ञान और षड्यंत्रों के शिकार विशाल जन समुदाय को वास्तविकता समझाई जा सके और एक आदर्श समाज की स्थापना की जा सके, जिसमें एक भी व्यक्ति दुखी दरिद्र अज्ञानी अंधविश्वासी और लाचार न हो।
इसका उपाय यही है कि अब चारों ओर से समाज में "अमीरी रेखा" बनाए जाने की बात उठाई जाए ताकि बेईमानी के बल पर इकट्ठी की गई विशाल धन-दौलत रखने वालों के चेहरे समाज के सामने आ सके और हर व्यक्ति के लिए न्यायपूर्ण संपत्ति अधिकार का कानून बनाया जा सके।
हम सभी जानते हैं कि सारे प्राकृतिक संसाधन ही धन होते हैं और इनके उपभोग से ही हम सबका जीवन चलता है। इन सारे प्राकृतिक संसाधनों पर सबका समान जन्म सिद्ध अधिकार होता है इसलिए कुछ लोगों के पास बेशुमार धन होना और बाकी लोगों के पास भयानक निर्धनता होना, न्याय की दृष्टि से गलत है। इसलिए एक व्यक्ति का न्याय पूर्ण संपत्ति अधिकार केवल "ओसत सीमा तक" माना जाना चाहिए और उससे अधिक संपत्ति के लिए किसी भी व्यक्ति को मालिक नहीं बल्कि समाज का कर्जदार माना जाना चाहिए। जब तक समाज में इस न्याय पूर्ण संपत्ति अधिकार के लिए कानून नहीं बनाया जाएगा तब तक पूंजीवाद को खत्म नहीं किया जा सकेगा।
इसलिए इन सारे कर्जदारों की औसत से अधिक संपत्ति पर पर ब्याज की दर से संपत्ति कर लगा कर उसे देश के सारे नागरिकों में बराबर-बराबर बांटा जाना चाहिए। इससे देश के हर नागरिक को जन्म से लेकर मृत्यु तक 10 हजार रुपए प्रतिमाह जीवन भर आसानी से मिलते रहेंगे और हर आदमी सुखचैन आजादी और सम्मान का जीवन बहुत आसानी के साथ जी सकेगा। यह समाज के न्याय पूर्ण सामंजस्य और समन्वय का मार्ग है।
वास्तव में आज गरीबी और बेरोजगारी का कारण यही है कि कोई भी काम करने के लिए अपने श्रम और योग्यता के साथ-साथ पूंजी का होना बहुत जरूरी है। बिना पूंजी के श्रम और योग्यता बेकार हो जाते हैं और न्याय की दृष्टि से पूंजी का समान अधिकार जब तक सब लोगों को व्यवस्था के आधार पर नहीं मिलेगा तब तक मेहनत करने वाले लोग आत्मनिर्भर नहीं हो सकते। पूंजी के बल पर उनकी योग्यता और मेहनत का शोषण होता रहेगा और कठोर मेहनत करके भी भयमुक्त और अभाव मुक्त आजादी का जीवन नहीं जी सकते।
प्राकृतिक संसाधनों की पूंजी का लाभ जब तक जन्म से लेकर मृत्यु तक हर व्यक्ति को सहज रुप से प्राप्त नहीं होगा उनके जीवन में सुख शांति नहीं आ सकती क्योंकि पूंजीपतियों की आज का मुख्य आधार मेहनत नहीं बल्कि ब्याज के रुप में पूंजी से होने वाली बिना मेहनत की कमाई होती है।
लेकिन जब प्राकृतिक संसाधनों की पूंजी पर सबका समान जन्मसिद्ध अधिकार है तो इस पूंजी से ब्याज के रुप में होने वाली आय मैं सभी नागरिकों का समान हिस्सा होना ही चाहिए। जब तक यह सामान हिस्सा उनको नहीं मिलेगा तब तक शोषण मुक्त समाज की स्थापना नहीं की जा सकती।
इस प्रकार की व्यवस्था अति संपन्न लोगों के लिए भी वरदान सिद्ध होगी क्योंकि इससे उनके उपभोग और सुविधाओं में तो कोई कमी नहीं होगी किंतु विशाल जन समुदाय उनको अपने शोषक के रूप में नहीं बल्कि अपने संरक्षक और अभिभावक के रूप में उनका सम्मान करेगा। इससे उनकी सुरक्षा को भी कभी कोई खतरा नहीं हो सकता। सारी धरतीमाता सबके लिए एक हो जाएगी और वसुधैव कुटुंबकम का सपना भी साकार किया जा सकेगा।

No comments:

Post a Comment

Don't forget give to comment massage-