Thursday, February 22, 2018

यह कैसी दुनिया है?


पिछले 3 सालों में हमारे देश से 7000 से भी अधिक अति संपन्न लोग विश्व के दूसरे देशों में जा चुके हैं और उनमें से कई लोगों ने तो इस देश में हजारों करोड़ रुपयों के कई कई घोटाले करके इस देश की जनता को भयानक धोखा भी दिया है।
लेकिन आश्चर्य की बात है कि इन धोखेबाजों को दुनिया के दूसरे विकसित कहे जाने वाले और आदर्श माने जाने वाले देशों में बहुत ही सम्मानजनक ढंग से जगह मिल रही है मानो कोई उनके वहां आने का इंतजार कर रहा हो।
अर्थात एक देश में जघन्य अपराध करके और पूरे समाज को धोखा देकर भागे हुए अपराधी को अपना जीवन जीने में कोई कठिनाई होना तो दूर और भी ज्यादा सम्मानजनक ढंग से जीने का अवसर दिया जा रहा है।
ऐसी स्थिति में सोचने की बात है कि विश्व का कोई भी अपराधी अपराध करने के लिए प्रेरित होगा या भयभीत होगा यह महत्वपूर्ण प्रश्न दुनिया के सभी विचारवान लोगों के सामने लाया जाना चाहिए।
पूरी दुनिया की व्यवस्था का निर्माण आम जनता के सुख के लिए किया जा रहा है या दुनिया को अपराधियों का स्वर्ग बनाने के लिए किया जा रहा है?
यदि वैश्वीकरण का अर्थ दुनिया में सुख शांति सद्भाव विश्वास सुरक्षा समृद्धि शांति और संतुलन के लिए करने की बजाय अपराधियों को पूर्ण निरंकुश करने के लिए किया जा रहा हो तो फिर इस विश्व व्यवस्था के सूत्रधार और संचालक मानवता के सबसे बड़े शत्रु हैं।
विजय माल्या या नीरव मोदी आदि जो लोग अब धोखेबाजी का पर्याय या प्रतीक बन चुके हैं वे इंग्लैंड स्विट्जरलैंड अमेरिका पुर्तगाल फ्रांस अथवा दुनिया के अन्य किसी भी देश में डंके की चोट पर स्वतंत्र घूम सकते हैं तो यह स्थिति सबके लिए शर्मनाक है। फिर क्या ऐसी दुनिया की कल्पना करने वाले लोगों को किसी भी प्रकार से अपना आदर्श मानना उचित ठहराया जा सकता है?
कोई भी विवेकशील व्यक्ति वैश्वीकरण के नाम से मानवता के विरुद्ध रचे जाने वाले इस षड्यंत्र को अपना समर्थन नहीं दे सकता और ना ही कोई व्यक्ति किसी भी दृष्टिकोण से इसे सही ठहरा सकता है।
इसलिए हमारे देश या दुनिया के किसी भी देश से कोई भी व्यक्ति षड्यंत्रकारी धोखेबाज आतंकवादी या किसी भी प्रकार के अपराधी व्यक्ति को दुनिया के किसी भी देश में शरण नहीं मिलनी चाहिए और उसे मानवता का शत्रु घोषित किया जाना चाहिए।
जो देश इस प्रकार के मानवता के शत्रुओं को अपने यहां शरण देता हो उसे भी मानवता का शत्रु माना जाना चाहिए और उसका अस्तित्व धरती से मिटा दिया जाना चाहिए। लेकिन आज जो हो रहा है वह स्पष्ट रुप से कुछ षडयंत्रकारियों द्वारा रचे गए षड्यंत्र के अतिरिक्त कुछ भी नहीं माना जा सकता।
यह स्थिति पूंजीवाद, राष्ट्रवाद या लोकतंत्र चाहे किसी भी नाम से क्यों न बनाई जाए इससे कोई फर्क नहीं पड़ता हमें किसी भी गलतफहमी में नहीं पड़ना चाहिए अन्यथा एक जिम्मेदार और सज्जनता का जीवन जीने वाला हर व्यक्ति, अपराधी बनने के लिए मजबूर हो जाएगा और उसका अंतिम परिणाम क्या होगा यह आसानी से समझा जा सकता है।
कोई भी समझदार व्यक्ति यह बात आसानी से समझ सकता है कि आज पूरी दुनिया में हो रहे अपराधों का मूल कारण सीमाहीन संपत्ति का मालिक बनने की लोभ लालच के दुष्प्रवृत्ति ही है और अपने इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए बड़े से बड़ा कुकर्म पाप षड्यंत्र या विश्वासघात करने की प्रेरणा भी इसी से मिलती है तो क्या फिर पूरे समाज से इस को बचाने के लिए सीमाहीन संपत्ति अधिकार की गलत अवधारणा को पूरी तरह नहीं ठुकरा दिया जाना चाहिए¿
इसलिए यदि हम पूरे विश्व को वसुधैव कुटुंबकम के रूप में बनाना चाहते हैं तो फिर हमें गरीबी रेखा नहीं अमीरी रेखा ही बनानी होगी ताकि कोई भी व्यक्ति अमीरी रेखा से अधिक संपत्ति का मालिक बनने का विचार ही अपने दिमाग से बाहर निकाल दें और लोभ लालच या स्वार्थ से अंधा होकर किसी भी प्रकार का अपराध करने के लिए प्रेरित ही न हो।
इसलिए सभी विचारवान लोगों को यह स्वीकार करना पड़ेगा की अमीरी रेखा की अवधारणा आज पूरी दुनिया की अनिवार्य आवश्यकता स्वीकार की जानी चाहिए ताकि अगले महाविनाश से पूरी पृथ्वी को बचाया जा सके और सभी लोग भय मुक्त अभाव मुक्त एवं संतोष सम्मान समृद्धि स्वतंत्रता सद्भाव विश्वास और सुख शांति का जीवन सहजता से जी सकें।
समाज के हर विचारवान व्यक्ति को जय अच्छी तरह समझ लेना चाहिए कि भौतिक विज्ञान से प्राप्त ज्ञान का उपयोग तभी वरदान बन सकता है जब उसके दुरुपयोग पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके अन्यथा यह ज्ञान ही सबसे बड़ा अभिशाप सिद्ध होगा।

No comments:

Post a Comment

Don't forget give to comment massage-