कोई भी विचारवान और तटस्थ व्यक्ति देश की राजनीति के चरित्र और दिशा को देखकर यह बात तो निश्चित रुप से मानने को मजबूर हो जाता है कि वर्तमान में देश की राजनीति निरंतर पतन की ओर जा रही है जो किसी भी जिम्मेदार नागरिक के लिए अत्यंत चिंता की बात होनी चाहिए।
लेकिन राजनीति के इस पतन के लिए किसे जिम्मेदार माना जाए ताकि सुधार की दिशा में प्रयास हो सके, यह एक अत्यंत विचारणीय सवाल है। यदि हम इस प्रश्न का उत्तर तलाशते हैं तो यह स्वीकार करना होगा कि वर्तमान राजनीतिक व्यवस्था में देश के मतदाताओं की भूमिका सबसे अधिक महत्वपूर्ण है और यदि समस्या के मूल कारण को समझने का प्रयास करें तो मानना ही होगा कि मतदाताओं का अज्ञान ही इसका बहुत बड़ा कारण है।
इसलिए यह विचार होना चाहिए कि मतदाताओं की स्थिति क्या है और उसके अज्ञान को दूर करने का उपाय क्या है? क्योंकि जब तक मतदाता को समझदार नहीं बनाया जाएगा तब तक देश की राजनीति को षड्यंत्रों और दुर्दशा से नहीं उबारा जा सकता।
हमारी राजनीतिक प्रणाली में देश के सभी नागरिकों को बिना किसी भेदभाव के 18 वर्ष की उम्र होते ही मतदान का अधिकार प्राप्त हो जाता है और मतदाता सूचियों के संशोधन और वृद्धि करने के लिए शासकीय स्तर पर काफी प्रयास भी किए जाते हैं। उसी के कारण अधिकांश नागरिक अपनी ओर से कोई प्रयास नहीं करने के बाद भी मतदाता सूचियों में उनका नाम शामिल हो जाता है। लेकिन इस नई जिम्मेदारी के बारे में लोगों को किसी भी प्रकार से शिक्षित और जागरूक करने का कोई सामान्य कार्यक्रम भी शासकीय स्तर पर नहीं चलाया जाता।
इसी प्रकार हमारी पूरी शिक्षा प्रणाली में भी निरंतर वयस्क होते बालकों को मतदाता बनने से पहले मतदान के महत्व और अपनी जिम्मेदारी को समझने और पूरा करने योग्य बनाने के लिए भी किसी प्रकार की सामान्य जानकारी तक नहीं दी जाती।
यदि हम देश के मतदाता को शिक्षित करना चाहते हैं और उसे जागरूक और समझदार मतदाता बनाना चाहते हैं तो क्या देश की शिक्षा प्रणाली में हर विद्यार्थी को माध्यमिक कक्षाओं में ही पूरा ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए?
हम इस बात से इंकार नहीं कर सकते कि देश का भविष्य देश का मतदाता ही हैं और यदि उसे समझदार नहीं बनाया गया तो देश की राजनीति में कोई अच्छा बदलाव नहीं लाया जा सकता और वह षडयंत्रकारियों अपराधियों धूर्तों गुंडा और बेईमान लोगों के लिए स्वर्ग बनी रहेगी और हम चाह कर भी उसे सही दिशा नहीं दे सकते।
यह देश के मतदाताओं का अज्ञान ही है कि आज देश की राजनीति राजनीतिक दलों के मकड़जाल में उलझ कर रह गई है और वे जिस प्रकार से आम जनता को सरेआम मूर्ख बना रहे हैं उसे रोकने का एकमात्र उपाय मतदाता को जागृत और योग्य बनाना है लेकिन देश के नियमों और कानूनों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जो राजनीतिक दलों द्वारा समाज के साथ की जा रही धोखेबाजी को रोकने या मतदाताओं को समझदार और जागरूक बनाने का कोई प्रयास हो रहा हो।
अपने आप को समझदार विद्वान और विशेषज्ञ मानने वाले अधिकांश लोग केवल मतदाता को अज्ञानी मूर्ख अनपढ़ लालची धोखेबाज बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं लेकिन उनको ज्ञानी और समझदार बनाने के लिए अपनी किसी भूमिका का निर्वाह नहीं करते। क्या देश की निरंतर पतित होती जा रही राजनीति को अच्छी दिशा में ले जाने के लिए विद्वानों की भूमिका जिम्मेदार नहीं है?
मेरी समझ में तो अपने आप को विद्वान और समझदार मानने वाले नागरिकों को ही अपनी भूमिका पर गहराई से विचार करना चाहिए। यदि हम समाज को ठीक प्रकार से चलाना चाहते हैं और देश के हर नागरिक को सुखी देखना चाहते हैं तो उसका सबसे प्रभावशाली उपाय मतदाता की जागरूकता ही है और जब तक समझदार लोग अपनी इस भूमिका का निर्वाह नहीं करते तब तक एक अच्छे समाज के निर्माण का मूल उद्देश्य कभी भी पूरा नहीं हो सकता।
मतदाताओं को तेजी से जागरुक करने के लिए चुनाव आयोग को भी अपनी भूमिका का निर्वाह करना चाहिए। नए बनने वाले मतदाताओं और पुराने मतदाताओं को भी जागरूक और जिम्मेदार बनाने के लिए शासकीय स्तर पर विद्वानों और अनुभवी नागरिकों को यह जिम्मेदारी दी जानी चाहिए एवं देश की शिक्षा प्रणाली में भी इसके लिए पर्याप्त और उचित अध्ययनों का समावेश करना चाहिए।
राजनीतिक दलों की गैर जिम्मेदारी और मनमानी के लिए भी चुनाव आयोग काफी सीमा तक जिम्मेदार है यदि वह चाहे तो किसी भी दल या व्यक्ति द्वारा अपनी घोषणा पत्र की अनिवार्यता और उसके अक्षर से पालन के लिए भी मजबूर कर सकता है और उसे पालन ना करने पर कठोर दंड से भी दंडित कर सकता है लेकिन दुर्भाग्य से चुनाव आयोग अपनी ईमानदार और प्रभावशाली भूमिका का निर्वाह बिल्कुल नहीं कर रहा है।
कहने का तात्पर्य यह है कि राजनीतिक शासकीय और सामाजिक सभी स्तरों पर मतदाताओं को जागरूक करने का मजबूत अभियान चलाए जाने की अत्यंत आवश्यकता है। जब देश का मतदाता जागरूक होगा तो अनेक प्रकार की समस्याओं से देश की राजनीति को मुक्त किया जा सकेगा।
No comments:
Post a Comment
Don't forget give to comment massage-